May 19, 2024

कांग्रेस विधायक भंवरलाल शर्मा के निधन पर गहलोत सहित कई नेताओं ने जताया दुख

जयपुर। चूरू के सरदार शहर से कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक भंवर लाल शर्मा के निधन से कांग्रेस पार्टी सहित प्रदेश भर में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित पक्ष-विपक्ष के कई नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए इसे अपूरणीय क्षति बताया है।

सीएम गहलोत ने ट्वीट करते हुए लिखा कि चूरू के सरदारशहर से कांग्रेस विधायक भंवरलाल शर्मा के निधन पर मेरी गहरी संवेदनाएं। काफी समय से वो अस्वस्थ चल रहे थे, उनके स्वास्थ्य को लेकर मैं उनके परिवारजनों के सम्पर्क में था, शनिवार रात एसएमएस अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकों से जानकारी ली और परिवार से मुलाकात की थी। ईश्वर से प्रार्थना है शोकाकुल परिजनों को इस बेहद कठिन समय में सम्बल प्रदान करें एवं दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें

प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने ट्वीट करते हुए लिखा कि पूर्व मंत्री व 7 बार के विधायक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भंवर लाल शर्मा के निधन की दु:खद ख़बर मिली है। उनका निधन कांग्रेस परिवार के लिए बड़ी क्षति है, ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोक संतप्त परिवार को संबल प्रदान करे।
पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे ने भी ट्वीट करते हुए लिखा कि सरदारशहर विधायक पंडित भंवर लाल शर्मा के निधन का समाचार सुन कर आहत हूं। भंवरलाल शर्मा अपने क्षेत्र के लिए समर्पित एक नेक जनप्रतिनिधि थे। मैं उन्हें पूर्ण आदर के साथ श्रद्धासुमन अर्पित करती हूं।

उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने भी ट्वीट करते हुए इसे अपूरणीय क्षति बताया। राठौड़ ने लिखा कि राजस्थान सरकार में पूर्व मंत्री एवं सरदारशहर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक पंडित भंवरलाल शर्मा के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। एक कुशल राजनीतिज्ञ के तौर पर भंवरलाल शर्मा जी का निधन शेखावाटी सहित पूरे राजस्थान के लिए अपूरणीय क्षति है।

गौरतलब है कि कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक भंवर लाल शर्मा लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनका एसएमएस अस्पताल में उपचार चल रहा था, उन्होंने रविवार को सुबह अंतिम सांस ली। भंवर लाल शर्मा का अंतिम संस्कार सरदार शहर में किया जाएगा, जहां पक्ष-विपक्ष के नेता और विधायक उनके अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।