May 19, 2024

खाते से राशि निकालने के बैंक से नहीं मिले मैसेज, अब पता लगा 78 हजार रुपए हो गए कम

जोधपुर। शहर के मंडोर स्थित नृसिंह विहार में रहने वाले एक व्यक्ति को बैंक से रुपए निकलने के मैसेज नहीं मिले। अब जब बैंक पहुंचा तो पता लगा कि खाते से 78 हजार रूपए कम हो गए है। संदेह है कि उसने एक बार अपने एटीएम कार्ड को पावटा में काम लिया था। हो सकता है जहां कार्ड क्लोन कर किसी ने राशि निकाल ली। पुलिस ने धोखाधड़ी एवं आईटी एक्ट में केस दर्ज करते हुए तफ्तीश आरंभ की है।

मंडोर थानाधिकारी सुरेशचंद्र सोनी ने बताया कि मूलत: हरियाणा के अंबाला हाल नृसिंह विहार निवासी रणवीरसिंह पुत्र राजपाल सिंह की तरफ से रिपोर्ट दी गई। इसमें बताया कि वह एक ठेेकेदार के साथ मजदूरी करता है। उसके पास एसबीआई का एटीएम कार्ड है। 17 नवंबर 20 के बाद उसने अपने बैंक खाता चेक नहीं किया। अब दो दिन पहले जब वह पैसे निकालने गया तो पता लगा कि उसके बैंक खाते से 78 हजार रूपए निकले है। जबकि उसके पास ना तो कोई कॉल आया और ना ही किसी को उसने बैंक संबंधी जानकारी दी थी। रिपोर्ट के अनुसार 17 नवंबर के आस पास वह पावटा स्थित एक एटीएम पर गया था और वहां पर अपने एटीएम को यूज लिया था। पुलिस अब इसमें संदेह मान रही है कि कार्ड क्लोन हो सकता है। उसके दो बैंक खातों से यह रकम पार हुई है। सबसे बड़ी बात है कि खाते से रकम निकलती रही, लेकिन बैंक की तरफ से किसी प्रकार की जानकारी उसके मोबाइल पर मैसेज के जरिए नहीं दी गई। फिलहाल मंडोर पुलिस ने धोखाधड़ी एवं आईटी एक् में केस दर्ज किया है।