May 5, 2024

मोदी बोले-राजस्थान में कांग्रेस सरकार ने ही पेपर लीक किया, पूर्व सीएम गहलोत के करीबी ने ये खुलासा किया; युवाओं को इनसे सतर्क रहना है

जयपुर/आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेपर लीक मामले को लेकर गहलोत सरकार पर निशाना साधा। मोदी ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस सरकार ने ही पेपर लीक किया है। 24 अप्रैल को पूर्व सीएम अशोक गहलोत के करीबी ने सार्वजनिक रूप से खुलासा किया, लेकिन अभी तक कांग्रेसियों के मुंह पर ताला लगा हुआ है।

पीएम मोदी ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश के आगरा में जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने राजस्थान में पेपर लीक और पूर्व सीएम अशोक गहलोत के ओएसडी रहे लोकेश शर्मा के खुलासे का जिक्र करते हुए युवाओं को कांग्रेस से सतर्क रहने की अपील की।

कांग्रेस ने युवाओं के भविष्य को बर्बाद किया
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा युवाओं के भविष्य को बर्बाद किया है। अभी इसका ताजा उदाहरण मिला है। आपने सुना होगा, आज अखबारों में भी पढ़ा होगा, ताजा प्रमाण मिला है। हमारे पड़ोस में, राजस्थान में, वहां कांग्रेस की सरकार थी। कांग्रेस के अपने लोगों ने, मुख्यमंत्री के करीबी ने कल एक बड़ा चौंकाने वाला खुलासा किया है और सार्वजनिक रूप से किया है, लेकिन अभी तक कांग्रेसियों के मुंह पर ताले लगे हुए हैं।

वह कह रहे हैं कि पेपर लीक यानी नौजवानों के भविष्य के साथ इतना बड़ा खिलवाड़। वो कहते हैं कि राजस्थान में जो पेपर लीक हुआ। उस पेपर लीक में गहलोत सरकार खुद शामिल थी। यह कोई और नहीं कह रहा है, जो कांग्रेस के मुख्यमंत्री के कार्यालय में काम करने वाले सज्जन थे, वह कह रहे हैं।

आप बताइए मेरे नौजवानों, इससे बड़ा पाप, इससे बड़ा धोखा, मेरे देश के युवाओं के साथ नहीं हो सकता है, यानी राजस्थान में अब कांग्रेस का ही पेपर लीक हो गया है। यही कांग्रेस की सच्चाई है, इसलिए देश के युवाओं को, हमारे फर्स्ट टाइम वोटर्स को कांग्रेस से बहुत सतर्क रहना है।