May 13, 2024

प्राइवेट हॉस्पिटल में महिला पेशेंट से छेड़छाड़ : चेकिंग के बहाने प्रेग्नेंट महिला से कंपाउंडर ने की अश्लील हरकतें

जयपुर। जयपुर के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती महिला पेसेंट से कंपाउंडर के छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। भांकरोटा थाना पुलिस ने पीड़िता के पति की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एसएचओ रविन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि धावास भांकरोटा निवासी 30 साल की महिला से छेड़छाड़ की शिकायत आई है। महिला के पति ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया कि उसकी पत्नी के प्रेग्नेंट होने पर डिलीवरी के लिए भांकरोटा इलाके में स्थित आयुष हॉस्पिटल में भर्ती कराया। हॉस्पिटल के प्राइवेट रूम में उसको भर्ती कराया गया। आरोप है कि बुधवार दोपहर चेकिंग के बहाने कंपाउंडर रूम में आया।
कंपाउंडर ने पीड़िता के हाथ में नशे का इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगाने से बेहोश की हालत में होने पर उसके साथ अश्लील हरकतें कर छेड़छाड़ की। बेहोशी की हालत में होने के कारण पीड़िता उसका विरोध नहीं कर पा रही थी। शाम को पति के आने पर पीड़िता ने आरोपी कंपाउंडर के छेड़छाड़ करने के बारे में अपनी आपबीती सुनाई। जिसके बाद पीड़िता के पति ने थाने जाकर आरोपी कंपाउंडर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।