May 21, 2024

सास-बहू से छेड़छाड़ और मारपीट,घायलों का कराया मेडिकल,6 नामजद लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
चूरू जिले के दूधवाखारा थाना क्षेत्र के एक गांव में बुजुर्ग महिला और उसकी पुत्रवधु से छेड़छाड़ कर मारपीट करने का मामला सामने आया है। बुजुर्ग महिला की रिपोर्ट पर महिला थाने में छह नामजद लोगों के खिलाफ आईपीसी और एससी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। घायल सास-बहू का डीबी अस्पताल में मेडिकल कराया है।
महिला थानाधिकारी रामप्रताप ने बताया कि थाना क्षेत्र के एक गांव की 60 वर्षीय महिला ने रिपोर्ट दी कि 26 अगस्त को वह अपनी पुत्रवधू के साथ गांव की एक दुकान पर घरेलू सामान लाने जा रही थी। चौक पर राजेन्द्र सिंह, शुभकरण सिंह, जीतू सिंह और गोपाल सिंह शराब पी रहे थे। तभी राजेन्द्र सिंह और शुभकरण सिंह ने उसकी पुत्रवधु से छेड़छाड़ की और जातिसूचक अपमानजनक शब्द कहे। इस पर बुजुर्ग महिला ने उनको डांटा तो राजेन्द्र सिंह, शुभकरण सिंह, जीतूसिंह, गोपालसिंह ने धक्का देकर मारपीट की। शोर मचाने पर उसका बेटा भी वहां दौड़कर आया और बीच बचाव करने लगा।
इस दौरान शक्ति सिंह, विशाल सिंह लाठियां लेकर आए और उसके बेटे से भी मारपीट करने लगे। रात को दूधवाखारा पुलिस को सूचना देने पर पुलिस आई और उसके बेटे को मामला दर्ज करवाने के बहाने पुलिस थाने ले गई। वहां उसे शांतिभंग के आरोप में बंद कर दिया। अब उसकी जमानत हुई तो महिला थाने में मामला दर्ज करवाने पहुंचे।