May 6, 2024

जयपुर। राजस्थान में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से जयपुर सहित प्रदेशभर में पल-पल मौसम का मिजाज बदल रहा है। रविवार को प्रदेश में विभिन्न जगहों पर बारिश का दौर जारी रहा। वहीं जयपुर में ठंडी हवाओं के साथ ही आज सुबह हल्की बारिश का दौर रहा। इससे तापमान में दो डिग्री की गिरावट हुई। सोमवार सुबह जयपुर का तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि सुबह हल्की बारिश हुई। बाद में सूर्यदेव ने दर्शन दिए। फिर से बादलों की आवाजाही जारी रही।

नादौती में रेकॉर्ड तोड़ बारिश
प्रदेश में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से पौष मास में मेघ मेहरबान हैं। बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश करौली के नादौती में हुई। यहां आज सुबह तक 68 एमएम बारिश दर्ज की गई। जयपुर में 7, वनस्थली में 1.8, कोटा में 15.7, सवाईमाधोपुर में 43, बूंदी में 14, चित्तौडग़ढ़ में 4, कोटा इंद्रगढ़ में 35 एमएम बारिश। 25 से ज्यादा जगहों पर 10 एमएम से अधिक बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में पौष मास में करौली में 6 साल में सबसे अधिक, वहीं पौष मास में प्रदेश में तीन साल बाद जनवरी की शुरुआत में इतनी बारिश हुई है।

यहां के लिए अलर्ट जारी
मौसम विभाग जयपुर केंद्र के मुताबिक जयपुर समेत 14 जिलों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश, ओलावृष्टि होने के लिए अलर्ट जारी किया गया है। आज जयपुर, कोटा, बूंदी, धौलपुर, भरतपुर, करौली, सवाईमाधोपुर, बारां, झालावाड़, टोंक, दौसा, चूरू, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर जिले में कहीं-कही मेघगर्जना के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। सीकर, गंगानगर, टोंक, अलवर सहित अन्य जगहों पर कोहरा छाया रहा।

माउंटआबू में कड़ाके की सर्दी
प्रदेश में बीते कई दिनों से सबसे ज्यादा ठंडा रहने वाले माउंटआबू का तापमान एक बार फिर रविवार रात को ठंडा रहा। यहां रात का तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मैदानी इलाके में सीकर का तापमान रविवार रात का 12.5 डिग्री सेल्सियस, फतेहपुर का 6 डिग्री, जोबनेर का 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

जयपुर का रात का न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री, अधिकतम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिलानी का 4.3 डिग्री, चूरू का 9.1 डिग्री, गंगानगर का 7.1, बीकानेर का 9.4, फलौदी का 7.4, जैसलमेर का 7.4, ऐरा रोड का 5.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान में बीते 24 घंटे में ज्यादा बदलाव नहीं देखने को मिला। प्रदेश में भीलवाड़ा का अधिकतम तापमान प्रदेश में 26.6 डिग्री सेल्सियस रहने के साथ ही सबसे अधिक दर्ज किया गया।