May 4, 2024

पाकिस्तान जेल से छूटकर भारत पहुंचा, पुलिस ने पकड़ा : युवक बोला- उल्टा लटकाकर पीटते थे, 6 महीने टॉर्चर किया

बाड़मेर। 27 महीने बाद पाकिस्तान की जेल से रिहा होकर भारत लौटे गेमराराम ने बताया कि पाकिस्तान की जेल में उल्टा लटकाकर मारपीट होती थी। पाकिस्तान रेंजर्स ने मुझे 6 माह तक टॉर्चर किया। पता नहीं चलता था कि सूरज कब निकल रहा है और कब अस्त हो रहा है। इसके बाद कराची जेल में रखा गया। उस जेल में 700 भारतीय बंद है। बहुत ही परेशान है। उनकी हालात पागल जैसी है।
इधर, भारत में पहुंचते ही पुलिस ने गेमराराम को अरेस्ट कर लिया। उस पर रेप का आरोप है। वाघा-अटारी बॉर्डर पर 14 फरवरी को युवक को भारतीय सेना के हवाले किया गया था। अमृतसर से बाड़मेर पुलिस शनिवार को उसे पकड़कर ले आई। यहां उसे कोर्ट में पेश किया गया।
गेमराराम ने बताया कि मैं गलती से तारबंदी क्रॉस करके पाकिस्तान चला गया था। पाक रेंजर्स ने पकड़ लिया। 6 महीने तक मेरे साथ मारपीट करते रहे। मेरी आंखों पर पट्‌टी बांध देते थे। पूछते थे- यहां पर क्यों आया है? किसने भेजा। उल्टा लटकाकर मारपीट करते थे। हाथों और पैरों के नीचे की तरफ बहुत बुरी तरीके से मारते थे। 21 माह तक कराची जेल में भारतीयों के साथ में रखते थे। पाक जेल में बंद भारतीयों के बुरे हाल हैं। रोते हुए बोलते थे कि मीडिया में जाकर बताना हमारे हाल। उस जेल में 700 भारतीय बंद है।

जानें- कैसे पाकिस्तान पहुंचा गेमराराम
गेमराराम भारत-पाक बॉर्डर से सटे गांव कुम्हारों का टीबा का रहने वाला है। गेमराराम का गांव की युवती से अफेयर था। 4 नवंबर 2020 की रात वह गर्लफ्रेंड के घर गया था। इसी दौरान युवती के घरवाले जाग गए और उसे देख लिया। डर के मारे वह वहां से भाग गया। उसे यह पता नहीं लगा कि वह किस तरफ भाग रहा है। तारबंदी क्रॉस करके पाकिस्तान की सीमा में चला गया था। पाक रेंजर्स ने उसे पकड़ लिया था। वह कराची जेल में बंद था। यहां बाड़मेर में बिजराड़ थाने में गेमराराम की गुमशुदगी भी दर्ज है। वहीं, बिजराड़ थाने में जनवरी 2021 में लड़की के पिता ने गेमराराम के खिलाफ रेप का मामला भी दर्ज है।