May 15, 2024

चाय नहीं बनाने पर डांटा, गर्भवती ने पिया जहर

बांसवाड़ा। चाय बनाने के नाम पर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि महिला ने जहर पीकर सुसाइड की कोशिश कर ली। उसे गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया। महिला 5 महीने की गर्भवती है और उसकी हालत को देखते हुए सोनोग्राफी व अन्य जांच करवाई गई है। यह भी सामने आया कि महिला एक साल पहले नाता प्रथा (बिना शादी) के एक साल पहले युवक के साथ रहने लगी थी। हॉस्पिटल पुलिस की चौकी के अनुसार भापौर निवासी रेखा (20) पत्नी पंकज आदिवासी को राजकीय महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां उसे महिला वार्ड में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। महिला के परिजनों ने बताया कि उसने सोयाबीन में डालने वाली दवा पी ली थी। डॉक्टर ने बताया कि महिला गर्भवती होने की वजह से खतरा ज्यादा बढ़ गया है।

चाय नहीं बनाने पर पी लिया था जहर
इधर, युवती के पति पंकज ने बताया कि मंगलवार सुबह कुछ मेहमान उनके घर पर आए थे। उसने रेखा को मेहमानों के लिए चाय बनाने को कहा था, लेकिन उसने चाय नहीं बनाई। कुछ देर बाद मेहमान चले गए। उनके जाने के बाद उसने समझाया कि बोलने के बाद भी चाय क्यों नहीं बनाई। बस इस बात से खफा होकर वह भीतर गई और जाकर जहर पी लिया।

पीहर पक्ष से कोई नहीं आया
जब पंकज से पूछा कि युवती के परिवार से कोई नहीं आया है। तब उसने बताया कि रेखा का पीहर भी भापौर में ही है। लेकिन, एक साल पहले युवती ने उसकी पति को छोड़कर उसके साथ रहने में रूचि दिखाई। नाता प्रथा के तहत वह उसे घर ले आया। इसके बाद से दोनों साथ ही रहते हैं। लेकिन, पहले पति को छोड़कर आने के कारण रेखा का पीहर पक्ष (माता-पिता) उससे मतलब नहीं रखते। इसलिए वह यहां नहीं आए। अभी तक कोतवाली थाना पुलिस की ओर से भी कोई अधिकारी मामले की जांच करने नहीं आया है।