May 20, 2024

मुख्यमंत्री गहलोत व विधायक गुढा के समर्थकों के बीच हाथापाई, कपड़े फाड़ दिए

उदयपुरवाटी (झुंझुनूं )। सरकारी कॉलेज भवन के लोकार्पण समारोह में शुक्रवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व विधायक राजेन्द्र सिंह गुढा के समर्थकों के बीच हाथापाई हो गई। दोनों पक्षों में हुई हाथपाई में कुछ युवकों के कपड़े तक फट गए। बाद में गहलोत समर्थक थाने पहुंचे। वहां संदीप सैनी के नेतृत्व में विधायक गुढा व समर्थकों पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट देकर कार्यवाही की मांग की।

दरअसल, लोकार्पण समारोह में कॉलेज की सौगात मुख्यमंत्री की ओर दिए जाने की बात कहते हुए गहलोत समर्थकों ने गहलोत जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। बाद में विधायक गुढा का संबोधन शुरू होने से पहले पुलिस ने मुख्यमंत्री के समर्थन नारेबाजी कर रहे युवाओं को कॉलेज परिसर से बाहर निकाल दिया। लेकिन युवक कॉलेज गेट के बाहर खड़े होकर मुख्यमंत्री के समर्थन में नारेबाजी करते रहे।

लोकार्पण पट्टी का अनावरण करने के बाद गुढा के समर्थक भी गुढा के पक्ष में नारेबाजी करते हुए विधायक के साथ कॉलेज गेट पर गहलोत के समर्थन में नारेबाजी कर रहे युवकों के पास पहुंच गए। दोनों पक्षों की ओर से नारेबाजी होती रही। इस दौरान विधायक की मौजूदगी में गहलोत व गुढ़ा समर्थक आपस में उलझ गए। दोनों में धक्का मुक्की हो गई। इस पर वहां मौजूद पुलिस व अन्य लोगों ने बीच बचाव किया और शांत करवाया।

विधायक राजेन्द्र गुढा सहित 15 लोगों के खिलाफ दी रिपोर्ट
थाने में धनावता निवासी अशोक राठी ने विधायक राजेन्द्र सिंह गुढा सहित 15 लोगों के खिलाफ जातिसूचक गालियां निकालने और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दी है। इसमें लिखा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की बजट घोषणा के अनुसार कॉलेज के भवन का निर्माण हुआ था। इसका लोकार्पण कार्यक्रम था। कार्यक्रम में शांतिपूर्ण तरीके से अशोक गहलोत के समर्थन में नारेबाजी कर रहे थे। इस दौरान विधायक राजेन्द्र गुढा व उनके समर्थक प्रताप सिंह नांगल, दशरथ सिंह नांगल, पिंटू स्वामी, गोविंद वाल्मीकि, राकेश मीणा पचलंगी, पीए कृष्ण, पीए दीपेन्द्र सिंह शेखावत, टोनी पौंख, राजेन्द्र मारवाल, रविन्द्र ठेकेदार, साहिल गुढा, गजेन्द्र सिंह शेखावत, जितेन्द्र सिंह गिरावड़ी, दीपक स्वामी सहित अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट की।

फिलहाल दर्ज नहीं हुआ मामला
मामला विधायक से जुड़ा होने के कारण राज्य सरकार की अनुमति नहीं होने से अभी तक मामला दर्ज नहीं किया गया। मामले की जानकारी मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शालिनी राज भी पुलिस थाने पहुंची और मामले की जानकारी ली।

खैरात में मंत्री नहीं बनाया था- राजेन्द्र गुढा
कॉलेज के भवन के लोकार्पण के दौरान विधायक राजेन्द्र गुढा ने कहा कि 2008 से 2013 तक मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ही थे। उस समय उदयपुरवाटी में सरकारी कॉलेज क्यों नहीं खुला था। 2008 में मुख्यमंत्री के पास सरकार बनाने जितने नंबर नहीं थे। तब मैंने छह विधायक देकर सरकार बनाई थी। लंगड़ी सरकार को मजबूती दी थी। खैरात में मंत्री नहीं बनाया था, खैरात में काम नहीं हुए थे। दो दो बार में मैंने राजस्थान की सरकार को स्थिर किया था। इसलिए यह अधिकार से पांव पर पांव रखकर कॉलेज बनाया है। उन्होंने कहा कि कॉलेज, ट्रोमा सेंटर भीख में नहीं लेकर आया हूं। अशोक गहलोत तो पहले भी मुख्यमंत्री बने थे। तब उदयपुरवाटी में कॉलेज, ट्रोमा सेंटर क्यों नहीं बना। उन्होंने ने कहा कि राजेन्द्र गुढा मुख्यमंत्री से नहीं डरता।