May 9, 2024

यहां भगवा रैली से पहले धारा 144 लागू, रैली, जुलूस व प्रदर्शनों पर लगी रोक

सीकर। राजस्थान के सीकर शहर में रामनवमी की विशाल भगवा रैली से पहले जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। कलक्टर अविचल चतुर्वेदी ने रैली से दो दिन पहले शुक्रवार को जिले में धारा 144 लागू कर दी है। जिसके तहत जिलेभर में रैली, प्रदर्शन व जुलूस पर पाबंदी लगा दी गई है। अब केवल एसडीएम से अनुमति मिलने पर ही इस तरह के आयोजन किए जा सकेंगे। जिसमें भी कई प्रशासनिक व कानूनी नियमों की पालना आयोजकों के लिए अनिवार्य होगी। जिला प्रशासन के फैसले को करौली हिंसा से लिया सबक माना जा रहा है। वहीं, इससे रामनवमी पर आयोजित होने वाली भगवा रैली को लेकर भी संशय उठ खड़े हुए हैं।

ये प्रतिबंध लागू
1. सीकर जिले में बिना पूर्व अनुमति के रैली, जुलूस व प्रदर्शनी इत्यादि का आयोजन पूर्णतया प्रतिबंधित रहेगा।
2. रैली, जुलूस या प्रदर्शन के लिए पूर्व अनुमति संबंधित एसडीएम से प्राप्त करने होगी।
3. इन आयोजनों के दौरान किसी जाति, धर्म, संप्रदाय, समुदाय विशेष के खिलाफ टिप्पणी या नारेबाजी नहीं की जाएगी।
4. सांप्रदायिक सौहार्द के विपरीत और जन भावना भड़काने वाली नारेबाजी व स्लोगन उच्चारण और प्रदर्शन नहीं किए जाएंगे।
5. इस दौरान समस्त सार्वजनिक निजी संपत्ति की सुरक्षा और कार्यक्रम प्रबंधन का दायित्व आयोजकों का होगा। इस संबंध में आयोजक के द्वारा एक शपथ पत्र भी अनुमति के आवेदन के साथ देना होगा।
6. रैली, जुलूस व प्रदर्शन में किसी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र का प्रयोग और प्रदर्शन नहीं किया जा सकेगा।
7. प्रदर्शनों में राजस्थान ध्वनि नियंत्रण अधिनियम 1963 एवं राजस्थान ध्वनि नियंत्रण नियम 1964 के प्रावधानों की पालना अनिवार्य रूप से करनी होगी।
8. रैली जुलूस प्रदर्शनी में मोटर वाहन अधिनियम 1988 2019 और 2021 के प्रावधानों की पालना करना भी अनिवार्य होगा।

आदेश के पीछे ये दिया तर्क
कलक्टर द्वारा जारी आदेश में लिखा है कि सीकर जिले में विभिन्न अवसरों पर सामूहिक रैली, जुलूस व प्रदर्शनी बिना पूर्व अनुमति के किए जा रहे हैं। जिससे जिले की यातायात और कानून व्यवस्था बिगडऩे की आशंका रहती है। जन सुरक्षा व परेशानी भी बढ़ती है। लिहाजा जन सुरक्षा व व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जिले में धारा 144 लागू की जा रही है।

अनिश्चित काल के लिए लागू, उल्लंघन पर कार्रवाई
कलक्टर अविचल चतुर्वेदी की ओर से धारा 144 के आदेश अनिश्चित काल के लिए लागू किए गए हैं। आदेश में लिखा है कि धारा 144 आगामी आदेशों तक जारी रहेगी। आदेशों की पालना नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

हेलीकॉप्टर की हां, भगवा रैली पर संशय
धारा 144 लागू होने के साथ शहर में रामनवमी पर आयोजित होने वाली भगवा रैली को लेकर संशय खड़ा हो गया है। क्योंकि ये रैली भी प्रशासन की अनुमति से ही निकाली जा सकेगी। हालांकि इस बीच भगवा रैली पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जिला प्रशासन ने सहमति दे दी है। जिसके आधार पर रैली की अनुमति मिलना भी तय माना जा रहा है।