May 14, 2024

प्रदेश में बढ़ते दुष्कर्म के मामलों पर भाजपा महिला मोर्चा ने राज्यपाल से की ये मांग …

सिरोही। भाजपा महिला मोर्चा के तत्वावधान में महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष अंशु वशिष्ठ व भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र साम्बरिया के नेतृत्व में प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ दुष्कर्म पर कार्रवाई की मांग को लेकर राज्यपाल को उपखंड अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा गया। तहसील कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने नारे लगाकर प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर रोष जताया। मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र साम्बरिया ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ प्रदेश में दुष्कर्म के मामले बढ़ते जा रहे है, गहलोत सरकार हाथ पर हाथ रखकर बैठी है। प्रदेश की महिलाएं व बच्चियां अपने आप को असुरक्षित महसूस करने लगी है। यौन हिंसा के मामले में राजस्थान प्रथम नंबर पर है। महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष वशिष्ठ ने कहा कि जहां के विधायक पर ही दुुष्कर्म के आरोप लगते हैं। वहां की जनता व महिलाएं सुरक्षित कैसे रह सकती हैं। कुछ दिनों पूर्व राज्य सरकार के मंत्री शांति धारीवाल दुष्कर्म के मामले पर दी गई विवादित टिप्पणी व अलवर विधायक जोहरीलाल मीणा के पुत्र दीपक मीणा समेत उसकी 3 मित्रो के खिलाफ दौसा के मंडावर थाने में नाबालिग के साथ दुष्कर्म व पोक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पीडि़त के परिजनों का आरोप है कि दीपक के दोस्तो ने पीडि़ता का अश्लील वीडियो भी बना लिया था। उप आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। राजस्थान में महिला के यौन आंकड़े आपने आप मे बहुत शर्मिन्दाजनक है हर रोज 60 से अधिक महिलाओं का यह शोषण होता है। 2021 के आंकड़े के अनुसार 21832 अपराध के मामले सामने आए है। जिसमें रेप, छेड़छाड़ व अपहरण शामिल है। महिला मोर्चा मंडल महामंत्री अनुराधा जैन, भाजपा मंडल महामंत्री अजय वाला, दिनेश सेन, गणेश आचार्य, मण्डल उपाध्यक्ष राकेश मित्तल, शैलेष प्रजापति, राधेश्याम शाक्य, भगवती शर्मा, महालक्ष्मी झा, नगर मंत्री सविता बसु, राजकुमारी सोनी, पार्षद सुरेखा मोदी, पुष्पा खंडेलवाल, अलका मोदी, राखी शर्मा, प्रीति मोदी, शकुंतला जैन, पार्षद विक्रम राणा, रवि शर्मा, दीपेश अग्रवाल आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।