May 3, 2024

प्रेमी जोड़े ने एसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार, दो शादियों को छोड़कर लीव इन में रहने लगी, धमकी मिलने पर पहुंचे पुलिस के पास

चूरू। झुंझुनूं के गांव केहरपुरा की शादीशुदा महिला ने प्रेमी के लिए पति का साथ छोड़ दिया। अब चूरू जिले के गांव जसवंतपुरा के युवक के साथ लिव इन में रह रही है। लिव इन में रह रहे इस प्रेमी जोड़े के अब उनके ही परिजन जान के दुश्मन बन गए हैं। सुरक्षा के लिए दोनों मंगलवार को चूरू एसपी ऑफिस पहुंचे। गांव केहरपुरा की रेणु मेघवाल (22) ने बताया कि आठ साल पहले उसकी जान पहचान जसवंतपुरा के रामकिशन जाट (30) के साथ हुई थी। रामकिशन की बुआ का घर उसके पड़ोस में था। जहां रामकिशन का आना-जाना लगा रहता था। दोनों की दोस्ती का जब रेणू के घर वालों को पता लगा तो उन्होंने जबरन रेणू का बालविवाह कर दिया। रेणू उस समय 15 साल की थी। जब उसकी शादी झुंझुनू जिले के ही गांव इस्लामपुर के मुकेश के साथ कर दी गई।

रेणू ने बताया कि उसका पति मुकेश उसके साथ मारपीट करता था। वह शराबी किस्म का व्यक्ति था। इस वजह से रेणू ने अपने पति मुकेश से तलाक ले लिया। मुकेश से उसके एक बेटी हुई। इसके बाद उसके घर वालों ने साल 2022 में उसकी झुंझुनूं जिले के ही गांव सोंथली के महेंद्र से शादी कर दी। रेणू ने आरोप लगाया कि महेंद्र भी शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था, जिससे वह परेशान रहने लगी।

इधर, प्रेमी रामकिशन के साथ भी उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों की आपस में मोबाइल पर बातें होती थी। रामकिशन ने भी रेणू को पाने के लिए अब तक शादी नहीं की थी। रेणू ने बताया कि वह अब पिछले एक महीने से अपने पीहर केहरपुरा में रह रही थी। आठ अप्रैल 2024 को वह अपनी बेटी को पीहर में छोड़कर रामकिशन के पास आ गई और दोनों लिव इन में रहने लगे।

रामकिशन ने बताया कि उसने मां तक पढ़ाई की है। अभी वह खेती-बाड़ी करता है। रेणू ने दसवीं कक्षा तक पढ़ाई की है। रेणू तीन भाई बहन है, जबकि रामकिशन के एक बहन है। रेणू ने बताया कि अब उसके पीहर और ससुराल वाले दोनों को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इसलिए वह सुरक्षा के लिए एसपी ऑफिस आए हैं।