May 17, 2024

कार हटाने की बात पर पड़ोसी ने फायर किए; सीने को छूती हुई निकली गोली, बीच रास्ते में पार्क कर रखी थी गाड़ी

जोधपुर। कार हटाने की बात को लेकर पड़ोसी ने एक युवक पर एक के बाद एक तीन फायर कर दिए। खतरे को भांपते हुए वह झुक गया। दो गोलियों से तो वह बच गया, पर तीसरी गोली उसके सीने को छूती हुई निकली। आरोपी युवक अपने दूसरे बदमाश साथियों के साथ फरार हो गया। घायल को जोधपुर के मंडोर सैटेलाइट अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
सोमवार सुबह जोधपुर शहर के माता का थान क्षेत्र में यह वारदात हुई। इस क्षेत्र के बेरा की एक गली में सुबह बजरी से भरा एक ट्रैक्टर आया था। बीच रास्ते में एक कार खड़ी थी। ट्रैक्टर निकालने के लिए जगह नहीं मिली तो ड्राइवर ने युवकों से हटाने के लिए कहा। कार वाले युवक नाराज हो गए। शोर सुनकर सामने रहने वाले संतोष परिहार (50) व उनका परिवार भी आ गया। वह भी बीच में बोलने लगे। इससे युवक आक्रोशित हो गए। एक युवक हाथ में पिस्टल लेकर उन्हें मारने के लिए दौड़ा। बीच-बचाव में महिला आई तो युवक पीछे हट गए। इस बीच स्थानीय लोगों ने थाने में फोन कर दिया। पुलिस आने की सूचना मिलने पर युवक अपने साथियों के साथ भागने लगा। जाते-जाते एक युवक ने संतोष पर तीन फायर कर दिए। वह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

दो गाड़ियों को टक्कर मारते हुए भागे
एक गोली संतोष के ऊपर से निकल गई। तीसरी गोली से वह घायल हो गए। इसके बाद बदमाश वहां खड़े दो वाहनों को टक्कर मारते हुए भाग निकले। संतोष के गोली लगते ही परिजन मदद के लिए चिल्लाने लगे। इस बीच मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए थे। पुलिस ने आरोपियों के कमरे से एक युवक को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि गोली चलाने वाले युवकों के नाम अभी तक पता नहीं चल पाए हैं।