May 14, 2024

‘गार्डन में घुसा युवक, दुल्हन को जबरन खिलाया जहर’, परिजनों ने चोर समझकर पीटा; जहां से उठनी थी डोली, अब वहां घूम रहे कुत्ते

अलवर। अलवर में दुल्हन के जहर खाकर सुसाइड करने के मामले में नया मोड़ आया है। परिजनों ने अरावली विहार थाने में अपने ही गांव बिचगांवा (लक्ष्मणगढ़) निवासी कुलदीप और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। रिपोर्ट में बताया है कि कुलदीप जबरन मैरिज गार्डन में घुसा। इसके बाद दुल्हन सलोनी के कमरे तक पहुंचा और उसे जहर खिला दिया।

अलवर का पायल गार्डन, जहां से दुल्हन विदा होनी थी, वहां आज सन्नाटा पसरा हुआ था। गार्डन में जहां मिठाइयां स्टोर की गई थीं, उस जगह के आस-पास कुत्ते मंडरा रहे थे। दरअसल, बुधवार शाम दुल्हन सलोनी की मौत हो गई थी।

10 मिनट में सब खत्म हो गया
घटना बुधवार शाम 5:20 बजे की है। इससे ठीक 10 मिनट पहले दो लड़के गार्डन में घुसे थे। दुल्हन सलोनी के गांव बिचगांवा का ही रहने वाला कुलदीप मंडप पार करते हुए मैरिज गार्डन के उस रूम तक पहुंच गया, जहां सलोनी को दो ब्यूटीशियन तैयार कर रही थीं। सलोनी के रूम में उसकी मौसी भी थी।

कुलदीप की सलोनी से बहस और धक्का-मुक्की हुई। ब्यूटीशियन और सलोनी की मौसी से भी कुलदीप ने हाथापाई की। इसके बाद मौसी चोर-चोर चिल्लाते हुए कमरे से बाहर भागी।

उस वक्त गार्डन में डीजे चल रहा था, इसलिए कोई समझ नहीं पाया कि क्या हुआ है? परिजनों ने चोर समझकर कुलदीप व उसके साथी को पकड़ लिया और पिटाई कर दी। बिचगांवा से अन्य लोग भी शादी में आए थे। गांव के लोगों ने ही बीच बचाव कर दोनों युवकों को गार्डन से बाहर निकाल दिया। सीसीटीवी फुटेज में शाम 5:15 बजे कुछ लोग युवक को पकड़कर गार्डन के बाहर लाते दिख रहे हैं।

इस घटना के 10 मिनट बाद ही सलोनी बेहोश होकर गिर पड़ी। परिजन अचेत हालत में सलोनी को गोद में लेकर गार्डन से बाहर आए। कार से सोलंकी हॉस्पिटल ले गए। जहां से उसे जयपुर रेफर किया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई।

गार्डन मालिक बोला- चोर समझ पीटा
मैरिज गार्डन के मालिक नियामत खान ने बताया- यह बुधवार शाम की घटना है। मैं दूसरी जगह (पायल बाग में) था। लोगों ने बताया कि कोई चोर पायल मैरिज गार्डन में घुस आया था। उसे पकड़ कर पीट दिया था। बाद में इन लोगों ने ही उसे छोड़ भी दिया।

हमें बाद में पता चला कि दुल्हन ने जहर खा लिया है। जानकारी मिली कि दो लड़के गार्डन में घुस आए थे।

परिजनों ने दो युवकों के खिलाफ दी रिपोर्ट
अलवर के अरावली विहार थाना इंचार्ज पवन चौबे ने बताया- अलवर के लक्ष्मणगढ़ के बिचगांवा निवासी सतीश चंद जैन की बेटी सलोनी (25) की शादी बुधवार को अलवर शहर के रंभरियों की गली निवासी रजत के साथ होनी थी। शहर के जयंती फार्म के पास पायल गार्डन में बुधवार दोपहर 12 बजे लग्न-टीका समेत विवाह के अन्य कार्यक्रम हुए थे। रात 11 बजे फेरे होने थे। शाम को सूचना मिली कि दुल्हन ने जहर खा लिया। परिजन ने एक नामजद सहित दो युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दी है। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लड़की का पोस्टमॉर्टम किया जा चुका है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

बीएड कर रही थी सलोनी
सलोनी बीएड कर रही थी। उसके एक छोटा भाई है। सलोनी के पिता की किराना की शॉप है। दूल्हा रजत जयपुर में REET की तैयारी के साथ एक कंपनी में नौकरी भी करता है। रजत के पिता का अलवर में नमकीन का कारोबार है। रजत का एक भाई भी है।

​​​​6 महीने पहले हुई थी सगाई
बिचगांवा गांव में 6 महीने पहले सलोनी और रजत की सगाई हुई थी। रजत के परिवार ने बिचगांवा जाकर सलोनी की गोद भराई की रस्म की थी। सब कुछ हंसी-खुशी हुआ था। किसी को कुछ गलत होने का एहसास नहीं था। शादी के दिन बुधवार को भी सब कुछ सामान्य था। दुल्हन ने हल्दी रस्म के दौरान डांस भी किया था।

सलोनी के परिजनों का कहना है कि कुलदीप के शादी में आते ही सब खत्म हो गया। अगर सलोनी को जहर खाना होता तो पहले भी खा सकती थी। कुलदीप ने शादी वाले दिन आकर उसे जबरन जहर खिलाकर मार डाला। यह हत्या का मामला है।