May 17, 2024

युवक निगल गया 6 करोड़ की हेरोइन : 77 कैप्सूल पेट में डालकर शारजाह से जयपुर पहुंचा अफ्रीकन पैसेंजर, 4 दिन में निकाले बाहर

जयपुर। जयपुर एयरपोर्ट पर DRI (डायरेक्ट्रेट रेवेन्यू सर्विसेज) ने एनडीपीएस एक्ट में एक और बड़ी कार्रवाई की है। शारजाह से आए अफ्रीकन पैसेंजर के पेट से हेरोइन के 77 कैप्सूल निकले हैं। इनमें 918 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। DRI के अनुसार ड्रग्स की कीमत 6.5 करोड़ है। अफ्रीकन पैसेंजर को 3 मार्च को पकड़ा था और पेट से कैप्सूल निकालने में 4 दिन का समय लगा।
जांच में सामने आया कि पैसेंजर ने हेरोइन के 77 कैप्सूल निगल लिए थे। इंटेलिजेंस की रिपोर्ट पर 3 मार्च को पैसेंजर की जांच की गई थी। एयरपोर्ट पर जांच के दौरान मजिस्ट्रेट की परमिशन के बाद पैसेंजर का एक्स-रे किया गया। इसमें पेट में कैप्सूल होने की हुई पुष्टि। चार दिन डॉक्टरों के ऑब्जर्वेशन में रखने के बाद 77 कैप्सूल निकाले गए।

डीआरआई की दूसरी बड़ी कार्रवाई
कुछ दिन पहले ही DRI ने एक महिला यात्री से भी लगभग 88 हेरोइन के कैप्सूल बरामद किए थे। महिला को लगभग 14 दिन तक डॉक्टरों ने ऑब्जर्वेशन में रखा था। बताया जा रहा है कि 3 मार्च को DRI को इनपुट मिला था कि जयपुर में शारजाह की फ्लाइट से बड़ी मात्रा में हेरोइन आने वाली है। सूचना पर DRI एक्टिव हुई। फ्लाइट में आए अफ्रीकन पैसेंजर को संदिग्ध मानकर एक्स-रे जांच कराई गई। इसमें पेट में कैप्सूल होने की पुष्टि होने पर उसे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। पैसेंजर से सभी कैप्सूल रिकवर होने के बाद उसे आज कोर्ट में पेश किया है। वहीं, DRI इस पर भी काम कर रही है कि इतनी बड़ी संख्या में ये लोग हेरोइन की सप्लाई कहां देने वाले थे।