April 28, 2024

बड़ी खबर : यूपी के माफिया मुख्तार अंसारी की बांदा जेल में मौत, 2005 से काट रहा था सजा

बांदा। यूपी की बांदा जेल में बंद मुख्तार अंसारी की हार्ट अटैक से मौत हो गई है। गुरुवार शाम को उसे जेल से रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जेल प्रशासन ने अभी तक कोई बयान नहीं दिया है।

वहीं, मऊ और गाजीपुर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। साथ ही बांदा में भी सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। DGP मुख्यालय ने भी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

इससे पहले मंगलवार को मुख्तार की तबीयत बिगड़ी थी। 14 घंटे भर्ती रहने के बाद उसे डिस्चार्ज कर दिया गया था। कुछ दिन पहले ही मुख्तार अंसारी ने दावा किया था कि उसे धीमा जहर देकर मारने की कोशिश की जा रही है।

मुख्तार अंसारी के वकील का कहना है कि कुछ देर बाद उनके बारे में जानकारी मिलेगी। मुख्तार के भतीजे और विधायक सुहैब अंसारी ने बताया कि हमें जानकारी मिली है कि उनकी तबीयत खराब है। हम लोग बांदा के लिए निकल रहे हैं।

मुख्तार अंसारी 2005 से सजा काट रहा था। अलग-अलग मामलों में उसे 2 बार उम्रकैद हुई है।