May 9, 2024

कल एनएसयूआई के कार्यक्रम में हिस्सा लेने बीकानेर आ सकते हैं मुख्यमंत्री गहलोत और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डोटसरा, प्रशासन हरकत में
बीकानेर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत शनिवार को बीकानेर आ सकते हैं, उनके साथ कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द डोटासरा भी होंगे। दोनों प्रमुख नेताओं के बीकानेर आने की सूचना ने जिला प्रशाासन को एक्टिव कर दिया है, वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी हलचल बढ़ गई है। दरअसल, इस दौरान जिले के सभी वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और मंत्री भी शामिल होंगे। दरअसल, इन दिनों एनएसयूआई अपना स्थापना दिवस मना रही है। इसी के तहत बीकानेर के रविंद्र रंगमंच पर संगठन की ओर से कार्यकर्ताओं के लिए आयोजन रखा गया है। शनिवार सुबह दस बजे रविंद्र रंगमंच पर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया है। जिलेभर से आने वाले कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द डोटासरा को आमंत्रित किया गया था। दोनों ने आने की स्वीकृति दे दी। गहलोत व डोटासरा बीकानेर में कार्यक्रम के बाद रात्रि विश्राम यहीं कर सकते हैं। जबकि रविवार को बीकानेर से नागौर के लिए रवाना होंगे। इस दौरान केबिनेट मंत्री गोविन्द मेघवाल, ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी, एग्रो इंडस्ट्रियल बोर्ड के अध्यक्ष रामेश्वर डूडी, एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक चौधरी, प्रदेश प्रभारी गुरजोत सिद्धू भी साथ रहेंगे। कलक्टर भगवती प्रसाद कलाल और पुलिस अधिकारियों ने रविंद्र रंगमंच का दौरा किया और तैयारियों का जायजा लिया।