May 9, 2024

गुजरात के मोरबी हादसे में घायल हुए लोगों से मिलने अस्पताल पहुंचे सीएम गहलोत, सरकार से घटना की निष्पक्ष जांच की मांग
जयपुर। गुजरात के मोरबी हादसे में घायल लोगों से मिलने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अस्पताल पहुंचे। यहां गहलोत ने सभी घायलों की बेहतर इलाज के साथ घटना की निष्पक्ष जांच करने की मांग की। यहां मुख्यमंत्री ने मोरबी पुल हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से भी मुलाकात की एवं उन्हें सांत्वना दी। गहलोत ने आयोजित प्रार्थना सभा में भाग लिया एवं ईश्वर से सभी दिवंगतजनों की आत्मा की शांति की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि मोरबी की घटना लापरवाही का नमूना है। सिर्फ जांच से काम नहीं चलेगा, दोषियों को सजा मिलनी चाहिए। अभी जो मुआवजा दिया जा रहा है वह नाकाफी है। इस लापरवाही के जिम्मेदारों को सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हादसे में 125 से अधिक लोगों की जान लेने वाला यह पूरा घोटाला सामने आना चाहिए एवं पीडि़तों को न्याय मिलना चाहिए। इसके बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मोरबी में घटनास्थल पर पहुंचे। यहां उन्होंने वर्तमान स्थिति की जानकारी ली एवं राहत व बचाव कार्यों में लगे दल के सदस्यों को तमाम लोगों की जान बचाने के लिए दी गई उनकी सेवा के लिए धन्यवाद दिया। हादसे के कारण कांग्रेस ने गुजरात में आज से शुरू होने वाले परिवर्तन यात्रा समेत अन्य कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं।