May 18, 2024

सड़कों पर लेटे कांग्रेसी, पायलट हिरासत में:राजस्थान में भी महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन; मंत्री बोले-लाठी का जवाब लाठी से देंगे
जयपुर।
महंगाई के खिलाफ कांग्रेस राजस्थान में बड़ा विरोध प्रदर्शन कर रही है। अलग-अलग जिलों में नेता नए-नए तरीकों से विरोध जता रहे हैं। राजस्थान से बड़ी संख्या में कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता दिल्ली में हो रहे प्रदर्शन में भी शामिल होने पहुंचे हैं। यहां कांग्रेस के राजस्थान प्रभारी अजय माकन, पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट को दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान हिरासत में ले लिया गया है। जयपुर में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के साथ कई मंत्रियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ सिविल लाइंस में धरना दिया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि लाठी का जवाब लाठी होगी। राजस्थान में शुक्रवार को जयपुर, उदयपुर, सीकर, अजमेर सहित कई जिलों में प्रदर्शन हुए हैं। कई स्थानों पर पुलिस के साथ हल्की धक्का-मुक्की भी हुई है।
पुलिस से उलझे कांग्रेसी
उदयपुर में कलक्ट्रेट पर कांग्रेस के जबरदस्त प्रदर्शन के बीच पुलिस के साथ नेताओं की धक्का-मुक्की भी हुई। पुलिस कांग्रेसी नेताओं को बसों में भरकर ले गई। सबसे पहले सुबह करीब 11 बजे देहात जिलाध्यक्ष लालसिंह झाला को हिरासत में लिया गया। उसके बाद दूसरे नेताओं को हिरासत में लेकर कलक्ट्रेट से 2 किलोमीटर दूर यूआईटी सर्किल और आसपास के इलाकों में छोड़ दिया गया। इससे पहले नेताओं ने कलक्ट्रेट के बाहर एकत्रित होकर जोरदार नारेबाजी की। कांग्रेसियों को रोकने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग भी किया। कांग्रेस की कई कांग्रेस महिला नेता भी सड़क पर लेट गईं। इन्हें पुलिस को उठाकर ले जाना पड़ा।
जयपुर में राजभवन का घेराव
राजधानी जयपुर में प्रदेश कांग्रेस ने सांकेतिक राजभवन का घेराव रखा है। सिविल लाइंस फाटक के बाहर कांग्रेस नेता विरोध सभा कर रहे हैं। यहां कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, मंत्री महेश जोशी प्रतापसिंह खाचरियावास सहित प्रमुख नेता मौजूद हैं। तेज बारिश के बीच सभा करते कांग्रेस नेताओं ने केंद्र की नीतियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी भी की।
खाचरियावास बोले- दादागिरी मचा रखी है
खाद्य मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि आज जनता महंगाई से त्रस्त है। केंद्र सरकार ने हर चीज पर जीएसटी लगा दिया। कफन तक पर टैक्स लगा दिया। मोदीजी हर चीज पर जीएसटी लगा दी, मरने पर मत लगा देना नहीं तो मरना भी मुश्किल हो जाएगा। मोदीजी आप टैक्स लगा सकते हैं, लेकिन आप हमारे विरोध और लड़ने का का अधिकार खत्म नहीं कर सकते।
अजमेर में भी प्रदर्शन
अजमेर में कलेक्टर चेंबर के बाहर धरना दिया गया। कुछ देर चले धरने के बाद कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अपनी गिरफ्तारी भी दी। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने सभी को थाने ले जाकर छोड़ दिया। यहां जिले भर से कार्यकर्ताओं ने सुबह से ही पहुंचना शुरू कर दिया था।