April 26, 2024

कजन भाई करता रहा रेप, प्रेग्नेंट हुई तो पता चला : 15 साल की पीड़िता 5 महीने की गर्भवती, अबॉर्शन की गुहार

जोधपुर। 15 साल की लड़की के साथ उसी के रिश्तेदार भाई ने 5 महीने पहले कई बार रेप किया। माता-पिता को इसकी भनक भी नहीं लगी। लड़की ने भी डर के मारे किसी को नहीं बताया। लड़की 5 महीने की गर्भवती हो गई, तब पैरेन्ट्स को पता चला। अब परिजन डॉक्टरों से लड़की के अबॉर्शन की गुहार लगा रहे हैं।
मामला जोधपुर जिले के फलौदी क्षेत्र का है। प्रेग्नेंट लड़की को लेकर परिजन सोमवार को उम्मेद अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने डॉक्टर से लड़की का गर्भपात करने की गुहार लगाई। फलौदी क्षेत्र के एक गांव में लड़की के साथ उसके रिश्ते में भाई ने पांच महीने पहले रेप किया था। भाई की उम्र भी लड़की जितनी ही है। कई बार रेप के कारण लड़की प्रेग्नेंट हो गई थी। लेकिन लड़की ने रेप की जानकारी परिजनों को नहीं दी। उसके गर्भवती होने और कई महीने बीतने पर परिजनों को पता चला।
लड़की से पूछताछ की तो उसने बताया कि डर की वजह से वह कुछ बोल नहीं पाई। परिजन लड़की को लेकर जोधपुर पहुंचे। यहां डॉक्टर उसकी जांच कर रहे हैं। मामले की जानकारी मिलने पर बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष डॉ.धनपत गुर्जर की टीम भी अस्पताल पहुंची और परिजनों से मामले की जानकारी ली। फिलहाल इस मामले में दुष्कर्म का मामला अभी तक परिजनों ने दर्ज नहीं करवाया है।