May 5, 2024

सुलभ शौचालय में मिला व्यक्ति का शव, हाथ पर नशे के इंजेक्शन लेने के निशान, पुलिस कर रही पहचान की कोशिश

श्रीगंगानगर। जिले के सादुलशहर की व्यापार मंडल की ओर से संचालित गौशाला के सुलभ शौचालय में एक व्यक्ति का शव मिला है। शव करीब तीन दिन पुराना होने की आशंका है। जानकारी मिलने पर पुलिस ने टॉयलेट का दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकलवाया। शव से दुर्गंध आ रही थी। पुलिस ने आसपास के इलाके में गुमशुदा लोगों की जानकारी जुटाई है।

वहीं शव के फोटो भी आसपास के थाना क्षेत्र में भेजकर पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। गुरुवार शाम तक शव की पहचान नहीं हो पाई थी। कस्बे की गौशाला में खुले में सुलभ शौचालय बना हुआ है। गौशाला के सेवादार को गुरुवार सुबह सफाई के लिए जाने पर दुर्गंध महसूस हुई। उसने टॉयलेट खोलना चाहा तो यह नहीं खुला तो उसने सूचना पुलिस को दी। वहां पहुंची सादुलशहर पुलिस ने टॉयलेट का दरवाजा तोड़ा तो शव पड़ा नजर आया।

मौके पर पहुंचे एसएचओ सुमेर सिंह ने शव सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। एसएचओ सिंह ने बताया कि शव के हाथ पर नशे के इंजेक्शन लेने के निशान हैं। उसके टॉयलेट में जाकर नशे के इंजेक्शन लेने की आंशका है। संभवत: इसी दौरान अचानक उसकी मौत हो गई और वह टॉयलेट से बाहर नहीं निकल पाया। सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शव को सरकारी अस्पताल की मोर्च्यूरी में रखवा दिया गया है।