April 27, 2024

जनहित में निर्णय : बाजार में जमकर करो शॉपिंग, ट्रैफिक पुलिस तीन घंटे तक नहीं उठाएगी गाड़ी, 1 मई से शुरू होगी यह व्यवस्था

जयपुर। परकोटा क्षेत्र में पार्किंग समस्या और वाहन खड़े करने के नाम पर अवैध वसूली अब खत्म होने की उम्मीद है। हैरिटेज निगम ने अधिकतम तीन घंटे गाड़ी पार्क की व्यवस्था का निर्णय किया है। निगम मई के पहले सप्ताह में नई व्यवस्था लागू कर देगा। इसके तहत तीन घंटे तक का शुल्क एक ही रहेगा। दुपहिया वाहन के 10 रुपए और चौपहिया वाहन के 30 रुपए लगेंगे। एक ही शुल्क तय करने के पीछे निगम अधिकारियों का तर्क है कि परकोटे के बाजारों में खरीदारी करने के लिए तीन घंटे का समय पर्याप्त है। हालांकि, इस फैसले ने निगम को आर्थिक नुकसान होगा।

होगी सख्त कार्रवाई
राजस्व शाखा के उपायुक्त सोहनराम चौधरी ने बताया कि परकोटे के बाजारों की पार्किंग स्थलों में 45 डिग्री पर चार पहिया वाहन खड़े करवाने होंगे। साथ ही तीन घंटे के बाद ठेकेदार को वाहन यातायात पुलिस से उठवाना होगा। इसके अलावा पार्किंग स्थल पर काम करने वाले कार्मिकों को आइडी कार्ड, ड्रेस पहनना अनिवार्य होगा। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक मशीन से पर्ची कटाना जरूरी होगा। ऐसा नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मासिक पास की दरों में भी बदलाव
पहले दुपहिया वाहन का मासिक पास 400 रुपए और चौपहिया वाहन का पास 1000 रुपए का था। अब दुपहिया वाहन का मासिक पास 300 रुपए होगा और चौपहिया वाहन को खड़ा करने के लिए 700 रुपए खर्च करने होंगे।