May 6, 2024

दिल्ली सीएम की पत्नी सुनीता बोलीं – अरविंद केजरीवाल को जेल में मारने की साजिश

नई दिल्ली। दिल्ली के सीएम की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने कहा- केंद्र सरकार अरविंद केजरीवाल को मारना चाहती है। उन्हें जेल में सही दवा नहीं दी जा रही। अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन को जेल में डाल दिया गया। ये सरकार की तानाशाही को दर्शाता है। सुनीता रांची में I.N.D.I.A की रैली को संबोधित कर रही थीं।

इधर, तिहाड़ जेल के DG संजय बेनीवाल ने शनिवार 20 अप्रैल को AIIMS को चिट्ठी लिखी। इसमें दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के लिए एक सीनियर डाइबिटोलॉजिस्ट अपॉइंट करने को कहा गया है। इस लेटर को आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी रविवार (21 अप्रैल) को शेयर किया।

इस बीच, रविवार को दिल्ली की मंत्री आतिशी तिहाड़ जेल के सामने इंसुलिन लेकर पहुंचीं। उन्होंने केंद्र सरकार को ब्रिटिश राज से ज्यादा क्रूर बताया। इससे पहले आतिशी ने आरोप लगाया था कि केंद्र सरकार केजरीवाल को मारने की साजिश कर रही है।

अरविंद केजरीवाल 1 अप्रैल से तिहाड़ जेल में हैं। 18 अप्रैल को उन्होंने कोर्ट से अपने डॉक्टर से सलाह लेने और इंसुलिन की मांग वाली याचिका लगाई थी, जिस पर 22 अप्रैल को फैसला आना है।