May 5, 2024

विदेश भेजने के नाम पर युवती से धोखाधड़ी,ऑस्ट्रेलिया का वीजा लगवाने को लेकर लाखो रूपये ठगे
श्रीगंगानगर। विदेश भेजने के नाम पर युवती से दो लाख 56 हजार 500 रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपी एक इंस्टीट्यूट के जरिए स्टूडेंट्स को विदेश भेजने का झांसा देता है। युवती से भी इंस्टीट्यूट संचालक ने रुपए लिए थे। ढाई साल बाद भी विदेश नहीं भेजा। मामला श्रीगंगानगर के लालगढ़ जाटान का है। कोतवाली थाने में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
युवती संजू ने बताया कि वह लालगढ़ जाटान थाना क्षेत्र की रहने वाली है। उसे अपनी आगे की पढ़ाई के लिए ऑस्ट्रेलिया जाने की इच्छा थी। साल 2021 की 11 फरवरी को उसने श्रीगंगानगर के एच ब्लॉक में इमिग्रेशन के काम से जुड़े एक इंस्टीट्यूट पर संपर्क किया। इंस्टीट्यूट पर उसकी मुलाकात अरुण कंबोज से हुई। कंबोज ने उसे ऑस्ट्रेलिया भेजने का विश्वास दिलाया। उसने कहा कि फॉर्मेलिटीज पूरी करने के लिए उसे कुछ रुपए जमा करवाने होंगे।
वीजा लगने की बात बोलकर उलझाते रहे
आरोपी के कहे अनुसार उसने उसे दो लाख 56 हजार रुपए जमा करवा दिए। रुपए जमा करवाने के बाद कई दिन तक उसके पास कोई फोन कॉल नहीं आया। इंस्टीट्यूट में बात की तो जल्द वीजा लगने की बात कही गई। मामले के करीब ढाई साल बाद भी वाजा नहीं लगाया गया और न रुपए लौटाए। युवती ने अब आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। मामले की जांच एएसआई महेंद्र को दी गई है।