April 26, 2024

पेपरलीक के मास्टर माइंड का साथी गिरफ्तार : सारण को जयपुर से भगाने में की थी मदद, पेपर देने वाले की तलाश में दबिश

उदयपुर। सीनियर टीचर भर्ती पेपर लीक मामले में मास्टर माइंड भूपेंद्र सारण को भगाने में मदद करने वाले राजीव उपाध्याय को पुलिस ने अरेस्ट किया है। सारण को पेपर देने वाले टीचर शेरसिंह की तलाश जारी है। पुलिस ने सोमवार को सारण और उसके सहयोगी को कोर्ट में पेश किया। जहां से भूपेंद्र को 9 और उपाध्याय को 4 दिन के रिमांड पर सौंप दिया।
मामले के जांच अधिकारी उदयपुर अभय कमांड सेंटर के ASP महेंद्र पारीक ने बताया कि सारण से मिली जानकारी के आधार पर उसके साथी उपाध्याय को जयपुर से पकड़ा है। साथ ही उसके अन्य सहयोगियों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है।
शेरसिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 10 से ज्यादा टीमें बनाई हैं। जो अलग-अलग ठिकानों पर भेजी गई है। इसके बाद ही पेपर लीक का मुख्य खुलासा हो पाएगा। 40 लाख रुपए में भूपेंद्र सारण के शेरसिंह से पेपर खरीदने की बात सामने आई थी। भूपेंद्र सारण ने फिलहाल और कोई नई जानकारी नहीं दी है।

पेपर देने वाली की तलाश
पुलिस के अनुसार, शेरसिंह आबू रोड के सरकारी स्कूल में हेड मास्टर के पद पर तैनात है। वह पिंडवाड़ा में रहता है। उसके जल्द ही गिरफ्त में आने की उम्मीद है।
बता दें कि मास्टर माइंड भूपेंद्र को एसओजी, एटीएस और उदयपुर डिस्ट्रिक्ट स्पेशल टीम ने गुरुवार को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया था।

अब तक 58 गिरफ्तार, 54 को जमानत
गत 24 दिसंबर को हेमा गुड़ा (सांचोर) निवासी सरकारी स्कूल के हेड मास्टर सुरेश कुमार पुत्र जगदीश विश्नोई काे शिक्षक भर्ती परीक्षा में जीके का लीक पेपर बस में अभ्यर्थियों को हल करवाते उदयपुर जिले के बेकरिया क्षेत्र में गिरफ्तार किया था। पेपर लीक और सॉल्व करने में 58 आरोपियों की गिरफ्तारी बताई गई थी। इनमें अभ्यर्थी और बस चालक भी शामिल थे। सुरेश विश्नोई अभी भी जेल में है। अब तक 54 आरोपियों को जमानत मिल चुकी है। हालांकि इनकी जमानत रद्द करने के लिए पुलिस ने राजस्थान हाईकोर्ट में प्रार्थना पत्र पेश कर रखा है। इस पर सभी आरोपियों को नोटिस भी जारी किया गया था।