May 4, 2024

सोनिया गांधी के निजी सचिव पर रेप की एफआईआर : महिला बोली- पति की मौत के बाद मदद मांगी थी; नौकरी के नाम पर दुष्कर्म किया
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के निजी सचिव पर रेप का आरोप लगा है। दिल्ली के उत्तम नगर थाने में एक दलित महिला ने सोनिया के निजी सचिव पीपी माधवन के खिलाफ नौकरी और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के आरोप में केस दर्ज करवाया है। 26 जून को दिल्ली के उत्तम नगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
महिला ने एफआईआर में बताया कि उसका पति कांग्रेस कार्यालय में होर्डिंग लगाने का काम करता था। दो साल पहले उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद उसने नौकरी के लिए पीपी माधवन से संपर्क किया। माधवन से उसकी कई बार बातचीत हुई।
माधवन बोले- महिला को जानते हैं, पर आरोप गलत
महिला का आरोप है कि माधवन ने नौकरी और शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार रेप किया। वहीं, आरोपों पर माधवन ने कहा कि वो महिला को जानते हैं, लेकिन आरोप गलत हैं।
महिला की कई बार माधवन से मुलाकात हुई
एफआईआर के मुताबिक, 21 जनवरी 2022 को माधवन ने पहली बार महिला को अपने घर पर बुलाया था। इसके बाद माधवन ने उसे बताया कि उनका अपनी पत्नी से तलाक हो चुका है। महिला की कई बार माधवन से मुलाकात हुई। इस दौरान कई बार महिला ने अपने साथ जबरदस्ती की बात एफआईआर में कही है। उत्तम नगर थाने में महिला की शिकायत पर माधवन के खिलाफ धारा 376, 506 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। आगे की जांच जारी है।