May 4, 2024

बहू के लाए कुत्ते ने किया सास पर हमला, थाने पहुंचा मामला

जयपुर। महावीर नगर के गोविंद पथ पर मंगलवार को एक बुजुर्ग महिला की शिकायत पर निगम की टीम पुलिस के साथ पालतू कुत्ते बॉब को लेने पहुँची। सेंट बर्नार्ड नस्ल का ये कुत्ता है। कुत्ते को पालने वाली सपना शर्मा इसे नहीं ले जाने दे रही थीं। आधा घंटे की मशक्कत के बाद निगम की टीम कुत्ते को लेकर चली गई।
दरअसल, गोविंद पथ निवासी 80 वर्षीय बीना शर्मा ने निगम में शिकायत की थी कि घर में बहू सपना शर्मा और बेटे मनीष शर्मा ने कुत्ता पाल रखा है। वो दो बार काट चुका है। अब तक 14 इंजेक्शन लग चुके हैं। मेरा घर में रहना मुश्किल हो गया है। बहू और बेटा कुत्ता घर में ही रखना चाहते हैं। मेरे दो और बेटे कुत्ते की वजह से परेशान हैं। पीड़िता ने 10 जून को बजाज नगर थाने में शिकायत भी की थी।
आधा घंटे तक हुई तकरार
निगम की टीम शाम को कुत्ते को लेने पहुंची। इस दौरान सपना शर्मा से आधा घण्टे तक तकरार हुई। निगम अधिकारियों ने लाइसेंस मांगा। नहीं मिलने पर ले जाने की बात कही तो तकरार बढ़ गई। पुलिस के दखल के बाद कुत्ते को ले जाने दिया। मौके पर महिला एवं बाल विकास समिति की अध्यक्ष मीनाक्षी शर्मा भी पहुँची। उन्होंने बताया कि पीड़ित महिला महापौर सौम्या गुर्जर से मिली थीं और उन्होंने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए थे।