May 5, 2024

राहुल के भावनात्मक वीडियो गांव-गांव दिखाएगी कांग्रेस : भारत जोड़ो यात्रा का असर पोलिंग बूथ तक पहुंचाने की तैयारी, प्रियंका गांधी करेंगी जयपुर में महिला मार्च

जयपुर। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा अपने अंतिम चरण में है। ऐसे में अब कांग्रेस राहुल की इस यात्रा के विस्तार की तैयारी में है। पार्टी ने राजस्थान में इसकी तैयारियां कर ली हैं। राहुल की यात्रा का असर कहीं ठंडा न पड़ जाए इसके लिए कांग्रेस अब राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा के विस्तार के लिए हर गांव और पोलिंग बूथ तक पदयात्रा निकालेगी। इसे हाथ से हाथ जोड़ो अभियान नाम दिया गया है। कांग्रेस का यह कार्यक्रम 26 जनवरी से शुरू होकर अगले दो महीने तक चलेगा। यह कैंपेन सभी ग्राम पंचायतों और मतदान केंद्रों पर होगा।
पीसीसी ने इस बारे में निर्देश जारी कर दिए हैं। कांग्रेस के सभी प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, निगम-बोर्ड के अध्यक्षों, विधायकों, पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों, सांसद और विधायकों के चुनाव लड़ चुके नेताओं, एआईसीसी मेंबर्स और पीसीसी प्रतिनिधियों को टास्क दिया गया है कि वे 26 जनवरी से इस अभियान में अनिवार्य रूप से जुड़कर पदयात्रा में शामिल हों। इसके लिए 26 से 29 दिसंबर तक ब्लॉक स्तर पर मीटिंग्स करके कार्यकर्ताओं को अभियान की जानकारी देने और जिम्मेदारी तय करने के लिए कहा गया है।

भारत जोड़ो के भावनात्मक वीडियो दिखाकर जोड़ेंगे
कांग्रेस ने राहुल गांधी की यात्रा खत्म होने के बाद भी उसका असर बनाए रखने की रणनीति के तहत तीन स्तर पर काम करना तय किया है। पहले गांव और ब्लॉक स्तर पर, दूसरा जिला स्तर पर और तीसरा प्रदेश स्तर पर होगा। इसमें हर गांव और बूथ को कवर करते हुए 2 महीने की पदयात्रा कांग्रेसी नेता करेंगे। इसमें गांव-गांव में कांग्रेस का झंडा फहराकर शुरुआत होगी। इसके अलावा डोर-टू-डोर सम्पर्क करके मोदी सरकार के खिलाफ चार्जशीट भी बांटी जाएगी।
लोगों को जोड़ने के लिए कांग्रेस भारत जोड़ो मोमेंट्स की भी सहायता लेगी। इसके लिए गांवों में हर दरवाजे पर भारत जोड़ो स्टिकर चिपकाने का लक्ष्य रखा गया है। हर गांव में बड़ी एलईडी स्क्रीन पर भारत जोड़ो यात्रा के वो भावनात्मक वीडियोज दिखाए जाएंगे, जिनमें राहुल गांधी गांव के लोगों से मिलते, उनकी समस्याए सुनते दिख रहे हैं। इन वीडियो में लोग अपने प्रेम और दुख का इजहार राहुल से कर रहे हैं।

हर गांव में बनाए जाएंगे व्हाटसएप ग्रुप
हर गांव में व्हाटसएप ग्रुप बनाने का लक्ष्य भी रखा गया है। वहीं यात्रा के मूल संदेश के साथ राहुल गांधी का पत्र बांटा जाएगा। इसके अलावा हर जिला मुख्यालय पर सम्मेलन भी रखे जाएंगे। कांग्रेस राज्य स्तर पर इस अभियान का समापन महारैली से करेगी। इसे राष्ट्रीय स्तर के नेता सम्बोधित करेंगे। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आने की भी संभावना है। इसके अलावा भारत जोड़ो मेला लगाया जाएगा। इसमें एलईडी पर भारत जोड़ो यात्रा के खास फुटेज दिखाए जाएंगे।

प्रियंका गांधी के नेतृत्व में जयपुर में महिला मार्च
दो महीने के इस अभियान के तहत राज्य स्तर पर महिलाओं के बीच पकड़ मजबूत करने के लिए भी कांग्रेस अपने अभियान का विस्तार करेगी। इसकी जिम्मेदारी प्रियंका गांधी संभालेंगी। इसके लिए हर प्रदेश की राजधानी में महिला मार्च होगा। इसका नेतृत्व प्रियंका गांधी करेंगी। राजस्थान में भी जयपुर में प्रियंका गांधी के नेतृत्व में महिला मार्च निकाला जाएगा। इसके खत्म होने पर महिला घोषणा पत्र भी जारी किया जाएगा।

फरवरी में राष्ट्रीय अधिवेशन, महत्वपूर्ण निर्णय होंगे
कांग्रेस ने हाल ही में हाथ से हाथ जोड़ो सहित तमाम निर्णयों पर मुहर लगाई है। इसी के साथ फरवरी में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस का राष्ट्रीय अधिवेशन होगा। तीन दिन के इस अधिवेशन में विभिन्न मसलों पर चर्चा होगी। साथ ही महत्वपूर्ण विषयों पर संकल्प लिए जाएंगे। वहीं इस दौरान एक बड़ी जनसभा भी होगी।

राजस्थान, एमपी, छत्तीसगढ़ को होगा फायदा
भारत जोड़ो यात्रा के बाद हाथ से हाथ जोड़ो और विस्तार कार्यक्रम से राजस्थान सहित उन राज्यों को फायदा होगा जहां 2023 के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। वहीं मार्च 2023 में कर्नाटक में भी विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में उसे देखते हुए भी ये कार्यक्रम कांग्रेस को फायदा पहुचाएंगे। राजस्थान में यात्रा को मिले अच्छे रिस्पॉन्स के बाद पीसीसी राजस्थान इन कार्यक्रमों की तैयारियों में जुट गई है।

बीजेपी के जनाक्रोश अभियान के काउंटर की तैयारी
राजस्थान में बीजेपी ने अपना जनाक्रोश अभियान छेड़ा हुआ है। इसके तहत बीजेपी ने पहले सभी 200 विधानसभाओं में रथयात्रा की। उसके बाद सभी विधानसभाओं में जनसभाएं हो रही हैं। इसमें बूथ से लेकर मंडल, ब्लॉक, जिला, संभाग और प्रदेश को जोड़ने की तैयारी है। इसमें सभी नेताओं को साथ लेकर कांग्रेस सरकार की विफलता के 4 साल बताए जा रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस अब बीजेपी के काउंटर के लिए यह हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत हर ब्लॉक, हर गांव, हर बूथ तक पहुंचेगी। ताकि बीजेपी ने जो माहौल गांवों में खड़ा किया है उसे काउंटर कर सके।