April 26, 2024

पति ने दिया तीन तलाक, पत्नी ने सुसाइड किया : घरवाले बोले- ससुर हाथ पकड़ता था, दो महीने से डिप्रेशन में थी

अलवर। पति ने पत्नी को तीन बार तलाक कहा और घर से निकाल दिया। परेशान होकर महिला ने जहर खाकर सुसाइड कर लिया। आरोप है कि महिला का ससुर ने हाथ पकड़ लिया और उस पर बुरी नजर रखता था। मामला शनिवार शाम का अलवर जिले के भिवाड़ी का है।
भोंकर गांव निवासी मनीषा (20) की शादी 14 मार्च 2021 को नूंह के सिकरावा गांव निवासी इम्तियाज (23) के साथ हुई थी। चाचा जाहूल खां ने बताया- मनीषा 6 महीने की थी जब उसके पिता का निधन हो गया। 3 साल की हुई तो मां गुजर गई। तब से मनीषा को पाला। शादी में बुलेट बाइक दी, 1 लाख 61 हजार रुपए कैश दिए थे। फिर भी पति, सास, ससुर मनीषा को दहेज के लिए परेशान करने लगे।
मनीषा पर उसका ससुर आसिफ बुरी नजर भी रखता था। वह कई बार उसका हाथ पकड़ चुका था। मनीषा ने इसे लेकर भी शिकायत की थी। पति से कहा तो वह गुस्सा हो गया। पिता के कहने पर ही इम्तियाज ने अपनी पत्नी मनीषा को तीन बार तलाक कहा और घर से निकाल दिया।

डेढ़ महीने पहले कराया था मामला दर्ज
मनीषा ने 11 मई 2022 को भिवाड़ी थाने में पति,सास व ससुर के खिलाफ दहेज प्रताड़ना व तलाक का मामला दर्ज कराया था। दो महीने से मनीषा अपने चाचा के घर रह रही थी। मनीषा की दादी उसके ससुराल नूंह गई थी। ससुराल वालों को समझाने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने कहा कि तीन तलाक हो गया। अब वे उसे नहीं रखेंगे। शादी में दिया गया सामान वापस ले जाओ।

पुलिस बोली- जल्द होगी गिरफ्तारी
जाहूल ने कहा कि शिकायत करने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, इससे मनीषा डिप्रेशन में थी। शनिवार शाम को उसने जहर खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इम्तियाज नूंह में मेडिकल शॉप पर काम करता है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

क्या है तीन तलाक
तीन तलाक पर 2019 में कानून बन चुका है। तीन बार बोलकर पत्नी को तलाक नहीं किया जा सका। ऐसा करने पर 3 साल तक सजा हो सकती है।