May 5, 2024

होली खेलने से मना करने पर युवक से मारपीट : पत्नी के रंग लगाने से किया था मना, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

चूरू। जिले के भालेरी थाना के गांव रामपुरा ताल में बुधवार दोपहर पत्नी के साथ होली खेलने से मना करने पर दो जनों ने युवक के साथ लाठियों से मारपीट की। मारपीट में घायल युवक को उसकी पत्नी और परिवार के लोगों ने निजी वाहन से गवर्नमेंट डीबी अस्पताल पहुंचाया, जहां मौजूद डॉक्टरों ने उसका इलाज कर उसे भर्ती किया।
घटना की सूचना पर अस्पताल चौकी से कॉन्स्टेबल दयाराम शर्मा पहुंचे। जहां उन्होंने घटना की जानकारी जुटाई। घायल युवक की पत्नी रामपुरा ताल निवासी रतन कंवर (32) ने पुलिस को बताया कि बुधवार दोपहर अपने पति छगन सिंह (35) के साथ खेत से घर परिवार के लोगों से होली की रामा श्यामा करने आ रही थी। तभी गांव के पास नरपत सिंह और सुमेर सिंह ने बैठे थे।
उन्होंने छगन सिंह को कहा कि हम तेरी पत्नी रतन कंवर के साथ होली खेलना चाहते हैं। मगर छगन सिंह ने पत्नी के साथ होली खेलने से मना कर दिया, जिससे दोनों ने गुस्से में आकर उसके साथ लाठी से हमला कर दिया। इससे छगन सिंह के शरीर पर चोट आई। शोर मचाने पर उसका देवर और सास ने पहुंचकर छगन सिंह को बचाया। दोनों ने गंभीर हालत में युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज किया। अस्पताल चौकी से आए कॉन्स्टेबल दयाराम शर्मा ने घटना की जानकारी भालेरी पुलिस को दे दी है। फिलहाल युवक अस्पताल में भर्ती है, जिसका इलाज चल रहा है।