May 5, 2024

गर्म चिमटों व सरियों से दागकर तीन बेटियों की मां की हत्या
केसरीसिंहपुर (श्रीगंगानगर)। केसरीसिंहपुर थाना इलाके में गांव अरायण में शुक्रवार रात को झाडफ़ूंक के दौरान एक महिला को गर्म चिमटों व सरियों से दागा गया। वहीं उसकी दो बेटियों की भी चिमटे से पिटाई की गई। शनिवार सुबह महिला की मौत हो गई। इस घटना के बाद ग्रामीण एकत्रित हो गए और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। जिसका मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मृतका की बहन मीराबाई ने पुलिस को परिवाद दिया है। पुलिस ने दो जनों को राउंडअप कर लिया है।

मीराबाई ने पुलिस को दिए परिवाद में बताया है कि उसकी बड़ी बहन रूपाबाई (35) के तीन पुत्रियां है। रूपाबाई को सांस की तकलीफ थी और उसके कोई पुत्र नहीं था। रूपा की एक पुत्री की दस साल पहले मौत हो गई थी। गांव की सरजीत कौर पत्नी छोटूराम ने घर में बाबा व देवी-देवताओं का स्थान व चौकी बना रखी है। चौकी पर सरजीत कौर व माता की चौकी पर उसका पुत्र गोपाल बैठता है। दोनों झाडफ़ूंक करते हैं। गुरुवार को सरजीत कौर के घर रूपाबाई व अन्य धोक लगाने गए थे।

वहां सरजीत कौर ने उसे दो सेव देकर इच्छा पूरी होने की बात कही। रूपाबाई व अन्य फिर शुक्रवार सुबह फिर सरजीत कौर के घर गए थे। वहां रूपा से चिमटे व सरिए से मारपीट की गई। रात को नहलाया और परिवादी, रूपा व उसकी बेटी सुनीता को नए कपड़े पहनाए। शनिवार सुबह रूपा में छाया आना बताया।

जहां सरजीत कौर व उसके लड़के गोपाल ने उसके बाल पकड़कर चिमटे व सरियों से मारपीट शुरू कर दी। इससे सुबह करीब 11 बजे रूपा की मौत हो गई। वहां भी सरजीत कौर ने शव के मुंह में मुंह डालकर दांत गड़ा दिए। इसके बाद वहां आसपास के लोग जमा हो गए और मामले की सूचना चौकी पुलिस को दी। इस पर केसरीसिंहपुर से भी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो जनों को राउंडअप कर लिया है।