May 10, 2024

वसुंधरा राजे समेत राजस्थान के नेताओं को ‘अचानक’ बुलाया दिल्ली, जानें क्या है बड़ी वजह?

जयपुर। राजस्थान भाजपा की नज़र अगले कुछ दिनों तक राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की ओर ही टिकी रहेंगी। दरअसल, टिकट वितरण की शेष रही प्रक्रिया अब दिल्ली में ही पूरी होगी। केंद्रीय संगठन के तमाम आला नेता ‘हाई लेवल’ बैठकें कर इस प्रक्रिया को अंतिम रूप देंगे। नामों पर मुहर लगने के बाद पहली सूची जारी कर दी जायेगी।

राजस्थान के नेताओं का दिल्ली में जमावड़ा
जानकारी के अनुसार रविवार को प्रस्तावित भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की महत्वपूर्ण बैठक से पहले राजस्थान के नेताओं की बैठक होगी। इस बैठक के लिए राजस्थान के कई नेता आज दिल्ली में जुटने जा रहे हैं। इनमें पूर्व सीएम वसुंधरा राजे, प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और अर्जुन राम मेघवाल के अलावा कई अन्य भाजपा नेता शामिल रहेंगे।
राजस्थान के नेताओं के साथ प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, चुनाव प्रभारी प्रहलाद जोशी और संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर भी मौजूद रहेंगे। बताया जा रहा है कि भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक से पूर्व आज केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और राष्ट्रीय महामंत्री बी एल संतोष आज राजस्थान के नेताओं की बैठक ले सकते हैं।
‘पहली लिस्ट’ का काउंटडाउन शुरू
माना जा रहा है कि जिन सीटों पर सभी नेताओं की आम सहमति बनेगी उन्हें पहली सूची में शामिल करते हुए जारी कर दिया जाएगा। संभवतः अगले हफ्ते तक तो पहली सूची जारी होने लगभग तय माना जा रहा है। गौरतलब है कि भाजपा अब तक फाइनल उम्मीदवारों की मध्य प्रदेश में दो और छत्तीसगढ़ में एक सूची जारी कर चुकी है। यही कारण है कि राजस्थान भाजपा में पहली सूची जारी होने को लेकर बेसब्री से इंतज़ार हो रहा है।
धड़कनें बढ़ीं, आने वाले कुछ दिन महत्वपूर्ण
विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जताने वाले टिकट दावेदारों की धड़कनें बढ़ी हुई हैं। इन नेताओं के लिए आने वाले कुछ दिन काफी महत्वपूर्ण रहने वाले हैं। खासतौर से अगले दो दिन बहुत ही ज़्यादा ख़ास होंगे।
दरअसल, रविवार एक अक्टूबर को नई दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक प्रस्तावित है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत समिति में शामिल तमाम वरिष्ठतम नेताओं की मौजूदगी में चुनावी राज्यों को लेकर मंथन होगा। संभावित है कि बैठक में कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा करने के बाद उम्मीदवारों की सूची पर अंतिम मुहर लगा दी जायेगी।