May 3, 2024

बाइक नहीं देने पर शादी से किया मना : सगाई में दिया सामान भी नहीं दिया वापस, 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

हनुमानगढ़। शादी की तारीख से कुछ दिन पहले दहेज में बाइक नहीं देने पर लड़के के परिजनों ने रिश्ता तोड़ दिया। साथ ही सगाई के समय लड़के को पहनाई गई अंगूठी के अलावा कपड़े-नकदी भी वापस लौटाने से मना कर दिया। इस पर लड़की के परिजनों ने सदर पुलिस थाना में कोर्ट के इस्तगासे के जरिए लड़के और उसके माता-पिता सहित 6 लोगों के खिलाफ सोमवार को मुकदमा दर्ज करवाया है।

रेखा देवी (22) पुत्री मंगाराम सांसी निवासी वार्ड 4, डबलीबास चुगता कमाना ने बताया कि उसकी सगाई 23 जनवरी को संजय पुत्र रामाराम लोहिया निवासी नूरपुरा के साथ हुई थी। सगाई के समय उसके परिवार ने लड़के को सोने की अंगूठी और अन्य रिश्तेदारों को 10 सूट और लड़के के पिता को 5100 रुपए नकद दिए थे। सगाई के समय संजय के अलावा रामाराम लोहिया पुत्र खेताराम, नत्थो देवी पत्नी रामाराम, खेताराम पुत्र हरभजराम, रामो देवी पत्नी खेताराम, कृष्णराम पुत्र श्यामाराम सांसी निवासी वार्ड 2, नूरपुरा मौजूद थे। तब उन्होंने 9 मार्च को शादी की तारीख तय की। अब संजय के परिवार वालों ने उसके दादा और पिता को फोन कर दहेज में बाइक की मांग की, लेकिन उसके पिता और परिवार के सदस्य यह मांग पूरी करने में असमर्थ थे। जब उसके परिवार के सदस्यों ने दहेज की मांग पूरी करने में असमर्थता जताई तो लड़के और लड़के के परिवार वालों ने शादी करने से मना कर दिया।

रेखा के अनुसार सगाई की रस्म पूरी होने और विवाह की तारीख तय होने के कारण उसके पिता ने मैरिज पैलेस शादी के लिए बुक कर लिया था। शादी के कार्ड, हलवाई और अन्य सभी तैयारियां कर ली थी। उसके परिवार के सदस्यों ने लड़के के पक्ष के लोगों को समझाने की कोशिश की और पंचायत की, लेकिन उन्होंने बिना बाइक के शादी करने से मना कर दिया। साथ ही उसके पिता को हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई करने से भी मना कर दिया। सोने की अंगूठी, सूट और रुपए वापस देने से भी मना कर दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें तो सगाई और शादी के नाम पर ठगी करनी थी। अब वे अंगूठी, रुपए और सूट वापस नहीं देंगे। बाइक की मांग पूरी किए बिना शादी नहीं करेंगे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हेड कॉन्स्टेबल मदनलाल शर्मा को सौंपी है।