May 3, 2024

खेत में हैंड ग्रेनेड मिलने से मचा हड़कंप : पिन हटाने पर आने लगी आवाज, किसान ने घबराकर मिट्‌टी में दबाया

सादुलपुर। सादुलपुर क्षेत्र के खुड्डी गांव में मंगलवार को खेत में जीवित हैंड ग्रेनेड मिलने से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार चने की फसल काटते समय सुबह 10.30 बजे स्थानीय किसान श्रीचंद बागोतिया को खेत मे जंग लगा एक जीवित हैंड ग्रेनेड मिला। अनजाने में किसान ने छेड़छाड़ का प्रयास किया। ग्रेनेड में लगी पिन को निकालते ही ग्रेनेड से आवाज आने लगी। इस पर किसान ने घबरा कर ग्रेनेड को मिट्‌टी में दबा दिया। वहीं, सूचना के बाद मौके पर पहुंची सादुलपुर पुलिस ने मामले की जानकारी ली।
खुड्डी गांव के किसान श्रीचंद बागोतिया (50) पुत्र फूलाराम बागोतिया चलना बास गांव के रास्ते पर अपने खेत में रोज की तरह चने की फसल काट रहा था। तभी अचानक सामने अनजान चीज दिखाई दी। इस पर किसान हाथ में लेकर देखने लगा। किसान ने बताया कि ऊपर से पिन को जैसे ही हलका सा हटाया, उसमें से आवाज आने लगी, जिस पर वह घबरा गया। इसकी सूचना पड़ोसी रिटायर्ड फौजी दयानद पूनिया को दी। मौके पर फौजी ने बताया ये ग्रेनेड है। देखते-देखते काफी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
वहीं, ग्रामीणों ने कहा कि यहां बॉर्डर एरिया भी नहीं है, फिर ग्रेनेड जैसा असला कैसे पहुंचा। ग्रामीणों की सूचना पर एसआई विजय सिंह मय जाप्ते के मौके पर पहुंचकर निरक्षण किया। ग्रेनेट वाली जगह को भी चिन्हित किया है।
राजगढ़ थाना के एएसआई विजय सिंह ने बताया कि फोन पर मिली सूचना के आधार पर खुड्डी गांव में किसान के खेत में पहुंचकर मामले की जानकारी ली। किसान ने एक ग्रेनेड बताया, जो मिट्‌टी में दबा हुआ था। उसे से बिना एक्सपर्ट छू नहीं सकते, उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया है।