May 9, 2024

मोबाइल छीनकर युवक पर किया ईंट से हमला, घायल स्थिति में अस्पताल में कराया भर्ती

चूरू। शहर की गवर्नमेंट कन्या कॉलेज के सामने देर रात एक युवक से मोबाइल छीनने और ईंट से हमला कर घायल करने का मामला सामने आया है। घायल युवक को निजी वाहन से गवर्नमेंट डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती करवाया गया। अस्पताल में भर्ती चंदन (25) ने बताया कि वह बिहार के मुजफ्फरनगर जिले का रहना वाला है। वह कई सालों से होटल रॉयल बार मे बर्तन धोने का काम करता है। जब वह कन्या कॉलेज के सामने मोबाइल पर बात कर रहा था तभी एक अज्ञात व्यक्ति वहां आया अंधेरे की वजह से वह उसका चेहरा नहीं देख पाया। अज्ञात व्यक्ति ने उसके बात करते हुए का मोबाइल झपट्टा मार कर छीन लिया, जब उसने उसका पीछा कर मोबाइल वापस लेना चाहा तो अज्ञात व्यक्ति ने उस पर ईंट से हमला कर दिया। उसके सिर पर ईंट से हमला करने की वजह से वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गया। उसके साथियों ने उसे संभाला। तब तक अज्ञात आरोपी वहां से मोबाइल सहित फरार हो चुका था। घायल को निजी वाहन से अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज किया है। गौरतलब है कि मोबाइल छीनने का चूरू में यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले वार्ड 31 के एक युवक से मोबाइल छीनने की घटना हाल ही सामने आ चुकी है। घायल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है। सिर में चोट है मगर फिलहाल उसकी स्थिति सामान्य है।