May 10, 2024

गुढ़ा की बर्खास्तगी को लेकर मचे सियासी घमासान पर डोटासरा का बड़ा बयान, बीजेपी पर किया हमला

जयपुर। राजेंद्र गुढ़ा को मंत्री पद से बर्खास्त करने के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है। गुढ़ा को मंत्री पद से हटाए जाने पर भाजपा गहलोत सरकार पर हमलावर हो गई है। अब गुढ़ा की बर्खास्तगी को लेकर मचे सियासी घमासान के बीच राजस्थान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का बड़ा बयान आया है।

डोटासरा ने कहा कि हमें जानकारी मिली है कि राजेंद्र राठौड़ ने किसी नेता को कहा था कि आज हम धमाका करेंगे। इसमें कहीं तार तो नहीं जुड़े हैं। इस प्रकार की शंका व्यक्त की गई है। हम इसकी जांच करेंगे कि ये किसी की साजिश तो नहीं थी।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि किसी को हटाना, बर्खास्त करना सीएम का विशेषाधिकार होता है और वे आलाकमान से बात कर ये फैसला लेते हैं। डोटासरा ने कहा कि मणिपुर की घटना को राजस्थान और छत्तसीगढ़ के एक दो प्रकरण से जोड़ना सही नहीं है। यह निंदनीय हैं।

इससे पहले कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर रंधावा ने गुढ़ा की बर्खास्तगी पर कहा कि गुढ़ा के बोलते ही नेता प्रतिपक्ष का रिएक्शन आया। इससे साफ था की वो सरकार के साथ नहीं थे। उन्होंने कहा कि मैंने उन्हें कई बार चेताया था। इस पर गुढ़ा ने भरोसा दिया था आगे गलती नहीं करूंगा। मगर उन्होंने गलती की तो हमने बर्खास्त कर दिया।

सुखजिंदर रंधावा ने पार्टी के बयानवीरों को चेताते हुए कहा कि अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं होगी। हम अनुशासनहीनता करने वालों पर सख्ती बरतेंगे। नेता प्रतिपक्ष और गुढ़ा के बीच सांठ-गांठ तो नहीं थी। हम इसका पूरा पता लगाएंगे।

महिलाओं की सुरक्षा को लेकर अपनी ही कांग्रेस सरकार को विधानसभा में घेरने वाले सैनिक कल्याण राज्यमंत्री राजेन्द्र सिंह गुढ़ा को शुक्रवार को राज्यपाल कलराज मिश्र ने बर्खास्त कर दिया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्यपाल कलराज मिश्र से राज्य मंत्री गुढ़ा को बर्खास्त करने की अनुशंसा की थी। मुख्यमंत्री गहलोत की अनुशंसा को राज्यपाल मिश्र ने तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया।

गुढ़ा ने शुक्रवार को विधानसभा में मणिपुर घटना को लेकर जब सत्ता पक्ष की ओर से विपक्ष को घेरा जा रहा था और मोदी सरकार से जवाब मांगा जा रहा था तब सैनिक कल्याण राज्यमंत्री गुढ़ा ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर अपनी ही कांग्रेस सरकार पर सवाल खडे़ कर दिए।