May 11, 2024

2 छात्राओं पर एसिड अटैक : बाइक सवार ने 2 किमी की दूरी पर किए दोनों हमले; लड़कियां उसे नहीं पहचानतीं

जयपुर। जयपुर में कोचिंग जा रही दो लड़कियों पर शनिवार को एसिड अटैक हुआ। बाइक सवार युवक ने दो किलाेमीटर की दूरी पर दोनों छात्राओं पर अलग-अलग हमला किया। दोनों मामूली झुलसी हैं। इलाज के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्‌टी मिल गई हैं। लड़कियों ने बताया कि वे हमलावर को नहीं पहचानतीं। घटना के बाद पुलिस CCTV खंगाल रही है। एक फुटेज में बाइक सवार भागता दिखा है।

पहला हमला सवारिया रोड पर
पुलिस ने बताया कि सांगानेर सदर थाने इलाके में सवारिया रोड पर 19 साल की लड़की पैदल कोचिंग जा रही थी। बाइक सवार बदमाश पीछे से आया और उस पर एसिड फेंककर भाग गया। एसिड लड़की के बाएं कंधे पर गिरा, जिससे वह झुलस गई।

2KM दूरी पर दूसरी लड़की पर अटैक
बाइक सवार ने दूसरा अटैक सवारिया रोड से 2KM दूर श्मशान के पास से लाइब्रेरी जा रही 22 साल की लड़की पर किया। छात्रा की पीठ पर एसिड गिरने से वह झुलस गई और चिल्लाने लगी।

दोनों पीड़िताएं आरोपी को नहीं जानती
अब तक हुई पूछताछ में ये सामने आया कि दोनों ही लड़कियों की ऐसे किसी लड़के से पहचान नहीं है, जो उन पर हमला कर सकता है। दोनों ही लड़कियां वाटिका नगर में रहकर कॉम्पटीशन की तैयारी कर रही हैं।

बाइक सवार बदमाश की तलाश
SHO सांगानेर सदर ब्रजमोहन कविया का कहना है कि दोनों लड़कियां मामूली झुलस गई थी। वाटिका के निजी हॉस्पिटल में इलाज करवाकर छुट्टी दे दी गई है। बाइक सवार ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। दोनों लड़कियां भी उसे नहीं पहचानती। कौन सा एसिड फेंका गया है, इसकी जानकारी के लिए FSL टीम को बुलाया गया है। बाइक सवार की तलाश कर रहे हैं।